चिन्यालीसौड़ क्षेत्र में धर्म परिवर्तन की चर्चाएं

 

उत्तरकाशी, 14 जनवरी (हि.स.)। नगर पालिका क्षेत्र चिन्यालीसौड़ में कुछ परिवारों द्वारा हिन्दू धर्म से ईसाई धर्म अपनाने के मामलों को लेकर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

नागणी, सुलीठांग, चिन्यालीसौड़ और शक्ति पुरम कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों में ऐसे कुछ परिवारों के धर्म परिवर्तन की चर्चाओं का बाजार गर्म है।

स्थानीय धर्मशास्त्रियों और सामाजिक संगठनों ने इसे क्षेत्र की सामाजिक व सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ते हुए चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि यह क्षेत्र देवी-देवताओं की आस्था से जुड़ा रहा है, जहाँ लंबे समय से धार्मिक परंपराओं का पालन किया जाता रहा है।

इस विषय पर पंडित आचार्य दिनेश प्रसाद जोशी ने कहा कि जिन परिवारों की पीढ़ियाँ लंबे समय से सनातन धर्म की परंपराओं का पालन करती आई हैं, उनके धर्म परिवर्तन के कारणों को समझना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस पर समाज स्तर पर संवाद होना चाहिए।

वहीं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के खंड कार्यवाहक चंद्रपाल सिंह राणा ने कहा कि परिस्थितिवश धर्म परिवर्तन करने वाले लोगों को अपने निर्णय पर पुनर्विचार करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में ऐसे मामलों को लेकर शासन-प्रशासन को स्थिति की समीक्षा करनी चाहिए।

हालांकि, कुछ लोगों का मानना है कि धर्म परिवर्तन व्यक्तिगत आस्था और संवैधानिक अधिकारों से जुड़ा विषय है, जिसे सामाजिक सौहार्द बनाए रखते हुए देखा जाना चाहिए। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस विषय पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / चिरंजीव सेमवाल