चारधाम यात्रा मे यात्रियों की सीमित संख्या की बाध्यता हाे समाप्त, आंदोलन की चेतावनी

 


ज्योतिर्मठ, 07 अप्रैल (हि.स.)। चारधाम होटल एसोसिएशन उत्तराखंड ने चारों धामों मे यात्रियों की सीमित संख्या रखे जाने के निर्णय का पुरजोर विरोध करते हुए आंदोलन की चेतावनी देते हुए आगामी 25 अप्रैल को चार धाम यात्रा मार्ग के सभी प्रतिष्ठान बंद करने का एलान किया है।

चारधाम होटल एसोसिएशन उत्तराखंड के अध्यक्ष राजेश मेहता के नेतृत्व मे एक प्रतिनिधि मंडल ने मंगलवार को एसडीएम को ज्ञापन सौंप कर स्पष्ट किया है कि पिछले तीन वर्षों से होटल एसोसिएशन द्वारा विभिन्न शासकीय बैठकों मे चारधाम यात्रा पर आने वाले यात्रियों की सीमित संख्या की बाध्यता का पुरजोर विरोध किया जा रहा है लेकिन तीन वर्ष बाद भी शासन द्वारा इस पर कोई निर्णय नहीं लिया जा सका, जिसके कारण चारधाम के होटल व्यवसायी, व्यापार सभा, तीर्थ पुरोहित, हक हकूक धारी एवं डंडी कंडी संचालकों मे भारी रोष ब्याप्त है और पुनः एक बड़े आंदोलन का आवहान किया गया है।

आंदोलन के क्रम मे बुधवार को तहसील मुख्यालय ज्योतिर्मठ विशाल धरना-प्रदर्शन किया जायगा और 25 अप्रैल को संपूर्ण चारधाम एवं चारधाम यात्रा मार्गो के व्यापारिक प्रतिष्ठान, होटल, लॉज, होम स्टे, आश्रम, व धर्मशालाओं को बंद कर विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा। ज्ञापन देने वालों मे अजय भट्ट, विशेश्वर नैथानी, गजेंद्र सनवाल आदि प्रमुख थे।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रकाश कपरुवाण