चरस के साथ उत्तरकाशी का युवक गिरफ्तार
नई टिहरी, 21 अक्टूबर (हि.स.)। : एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देशन में ऑपरेशन प्रहार के तहत टिहरी पुलिस की धरपकड़ कार्रवाई अनवरत जारी है। कैंपटी थाना पुलिस ने नैनबाग में 202 ग्राम अवैध चरस के साथ उत्तरकाशी का युवक गिरफ्तार किया है। तस्करी में प्रयुक्त बाइक को पुलिस ने सीज कर दिया है।
बीते मंगलवार शाम को कोतवाली कैम्पटी पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान नैनबाग स्थित यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बाइक सवार की तलाशी ली। पुलिस ने अभियुक्त सूरज रावत पुत्र प्रताप सिंह निवासी ग्राम नागझाला पुरोला उत्तरकाशी के कब्जे से 202 ग्राम अवैध चरस बरामद की। अभियुक्त के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में नैनबाग चौकी प्रभारी मंगेश कुमार, कांस्टेबल राजेंद्र सिंह शामिल रहे। एसएसपी श्वेता ने आम जन से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार में लिप्त व्यक्तियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा। कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण एवं युवाओं को नशे से बचाने के लिए टिहरी पुलिस लगातार चेकिंग अभियान चलाए हुआ है।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी