चमोली के खजूरखाल–भण्डारीखोड़ मोटर मार्ग का निर्माण पूर्ण, ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत

 


चमोली, 01 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अंतर्गत सीमांत जनपद चमोली के विकासखंड गैरसैंण में 15.375 किलोमीटर लंबा खजूरखाल–भण्डारीखोड़ मोटर मार्ग का निर्माण कार्य पूर्ण कर क्षेत्रवासियों को समर्पित कर दिया गया है।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिशासी अभियंता प्रमोद गंगाड़ी ने बताया कि इस मोटर मार्ग का निर्माण 15 करोड़ 15 लाख रुपये की लागत से कराया गया है। सड़क निर्माण पूर्ण होने से क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित, सुगम एवं सर्वकालिक आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी।

इस सड़क के निर्माण से कूनीगाड़ मल्ली, कूनीगाड़ तल्ली, कूनीगाड़ बिचली, कोठा, भण्डारीखोड़ सहित आसपास के अनेक गांवों के हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा। बेहतर सड़क संपर्क स्थापित होने से शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार एवं अन्य आवश्यक सेवाओं तक ग्रामीणों की पहुंच पहले की अपेक्षा अधिक आसान और तेज होगी।

मोटर मार्ग बनने से स्थानीय किसानों एवं स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों को अपने कृषि, बागवानी एवं अन्य स्थानीय उत्पादों को गैरसैंण तथा चौखुटिया के बाजारों तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी। इससे परिवहन लागत में कमी आएगी, समय की बचत होगी तथा ग्रामीणों की आय और आजीविका को भी नई मजबूती मिलेगी। साथ ही क्षेत्र में सामाजिक एवं आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने निर्माण कार्य के दौरान विभागीय अधिकारियों को गुणवत्ता के उच्च मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा कि खजूरखाल – भण्डारीखोड़ मोटर मार्ग के निर्माण से क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई है। यह सड़क न केवल आवागमन को सुगम बनाएगी, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पर्यटन एवं स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति प्रदान करते हुए क्षेत्र के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

----

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल