चंद्रनखा नाटक का किया शानदार मंचन
पौड़ी गढ़वाल, 09 जून (हि.स.)। नवांकुर नाट्य महोत्सव में असम के गुवाहाटी से आई थर्ड थिएटर संस्था ने नाटक चंद्रनखा का प्रभावशाली मंचन किया। युवा नाटककार प्रत्युष द्वारा लिखित व निर्देशक बिजित कुमार दास के निर्देशन में प्रस्तुत इस नाटक ने दर्शकों को रामायण के स्त्री पात्रों के एक नए और समकालीन दृष्टिकोण से परिचित कराया।
प्रेक्षागृह में आयोजित नाटक में सीता, शूर्पणखा, कैकेयी, मंथरा, मंदोदरी और उर्मिला जैसे पात्रों के माध्यम से महिलाओं के संघर्ष, अस्मिता और सामाजिक प्रश्नों को संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत किया गया।
शारीरिक रंगमंच, मार्शल आर्ट और नृत्य के अभिनव प्रयोगों ने प्रस्तुति को विशिष्ट बनाया। नाटक का विशेष आकर्षण यह रहा कि नाटक की पूरी प्रस्तुति महिला कलाकारों द्वारा की गई। थर्ड थिएटर की सशक्त अभिनय शैली, अनुशासित मंच-संयोजन और प्रभावशाली अभिव्यक्ति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
नाटक में रूजी मुदोई, देविका सैकिया, कस्तुरीमा बोरदोलोई, हिमाक्षी चरिंगिया, सुनामी दास, प्रीति बोरकाकाटी, गीतांजलि गोगोई, तेजस्विता दास, गायत्री मुदोई, कस्तुरी इंगजाल ने शानदार अभिनय किया।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह