ग्राम प्रधान संगठन में नेतृत्व परिवर्तन, नौटियाल बने अध्यक्ष

 


पौड़ी गढ़वाल, 07 अगस्त (हि.स.)।विकासखंड पौड़ी के ग्राम प्रधानों ने सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव के आधार पर ग्राम प्रधान संगठन के अध्यक्ष पद पर नेतृत्व परिवर्तन किया है। प्रस्ताव के तहत ग्राम पंचायत कड़कोट के प्रधान हरिमोहन जुयाल को अध्यक्ष पद से तत्काल प्रभाव से पदमुक्त कर ग्राम पंचायत चवथ के प्रधान शंकर नौटियाल को संगठन का नया अध्यक्ष चुना गया।

ग्राम प्रधान धनाऊं मल्ला कमल रावत ने बताया कि ग्राम प्रधान संगठन का उद्देश्य ग्राम प्रधानों के अधिकारों की रक्षा करना, उनकी समस्याओं को शासन-प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाना तथा संगठन को सक्रिय और एकजुट बनाए रखना है।

उन्होंने कहा कि हरिमोहन जुयाल को पूर्ण विश्वास के साथ अध्यक्ष चुना गया था, लेकिन लगभग एक वर्ष के कार्यकाल के दौरान संगठन की अपेक्षाओं के अनुरूप नेतृत्व और सक्रियता नहीं दिखी। उनका आरोप है कि ग्राम प्रधानों की समस्याओं और हितों की प्रभावी पैरवी नहीं हो सकी, जिससे संगठन के सदस्यों में असंतोष बढ़ा। इसी के चलते सर्वसम्मति से नेतृत्व परिवर्तन का निर्णय लिया गया।

नवनियुक्त अध्यक्ष शंकर नौटियाल ने कहा कि संगठन को और अधिक सक्रिय, मजबूत और प्रभावी बनाने के लिए सभी ग्राम प्रधानों को साथ लेकर कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधानों की समस्याओं और जनहित के मुद्दों को शासन-प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा। इस अवसर पर ग्राम प्रधान सिरोली मुकेश रावत, भेंटा मोहन पुंडीर, कफलना मनीष सहित अन्य प्रधान मौजूद रहे।

वहीं, पूर्व अध्यक्ष हरिमोहन जुयाल ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा, मैं विधिवत प्रक्रिया के तहत विकासखंड पौड़ी ग्राम प्रधान संगठन का अध्यक्ष चुना गया हूं। मेरे खिलाफ लगाए जा रहे आरोप तथ्यहीन हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह