गुरुकुल कांगड़ी का 2041 तक का विजन तैयार, नैक ए़़ और एनआईआरएफ टॉप-100 में जगह बनाने का लक्ष्य

 


हरिद्वार, 21 नवंबर (हि.स.)। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय ने वर्ष 2041 तक राष्ट्रीय स्तर के अग्रणी उच्च शिक्षण संस्थानों में शामिल होने की दिशा में 15 वर्षीय संस्थागत विकास रोडमैप तैयार किया है। वर्ष 2026 से 2041 तक की इस योजना में विश्वविद्यालय को शैक्षणिक गुणवत्ता, शोध, नवाचार और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत नैक में ए़़ ग्रेड हासिल करने और राष्ट्रीय संस्थागत रैंकिंग (एनआईआरएफ) की शीर्ष 100 संस्थाओं में जगह बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

विश्वविद्यालय के शिक्षा पटल की बैठक में एनईपी नोडल अधिकारी प्रो. राकेश कुमार ने संस्थागत विकास योजना (आईडीपी) का प्रारूप प्रस्तुत किया। योजना को पांच-पांच वर्षों की तीन कार्ययोजनाओं में विभाजित किया गया है। इसका उद्देश्य भारतीय ज्ञान परंपरा को आधुनिक विज्ञान, तकनीक और अनुसंधान के साथ जोड़कर विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय स्तर पर अग्रणी बनाना है।

योजना के अनुसार वर्ष 2041 तक विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या नौ हजार से अधिक करने और स्नातकों की प्लेसमेंट दर 65 से 70 प्रतिशत तक पहुंचाने की परिकल्पना की गई है। शोध एवं नवाचार को बढ़ावा देने के लिए प्रतिवर्ष 600 से अधिक शोध प्रकाशन और 25 से 30 पेटेंट हासिल करने का लक्ष्य भी रखा गया है। इसके लिए उत्कृष्टता केंद्रों की स्थापना, शोध परियोजनाओं को प्रोत्साहन, उद्योगों से सहयोग और स्टार्टअप गतिविधियों का विस्तार किया जाएगा।

विश्वविद्यालय परिसर को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के साथ डिजिटल प्रशासन पर भी विशेष जोर दिया गया है। इसके तहत समेकित ईआरपी प्रणाली, सभी पाठ्यक्रमों के लिए लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम (एलएमएस), आधुनिक प्रयोगशालाओं, छात्रावासों और दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाओं का विकास किया जाएगा। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में वर्ष 2041 तक नवीकरणीय ऊर्जा की हिस्सेदारी 80 प्रतिशत से अधिक करने और परिसर को नेट जीरो कार्बन कैंपस बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

योजना में पूर्व छात्र नेटवर्क को मजबूत करने, वित्तीय आत्मनिर्भरता बढ़ाने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक संस्थानों के साथ सहयोग विकसित करने को भी प्राथमिकता दी गई है।

भारतीय ज्ञान परंपरा के संरक्षण और संवर्धन को विकास योजना का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया है। निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्रगति के लिए निष्पादन एवं क्रियान्वयन के मानक तय करने का प्रस्ताव भी रखा गया है।

एनईपी नोडल अधिकारी प्रो. राकेश कुमार ने कहा कि यह रोडमैप राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शोध और नवाचार को नई दिशा देगा। भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक विज्ञान के समन्वय से विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय स्तर पर अग्रणी बनाने का प्रयास किया जाएगा।

कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा ने कहा कि गुरुकुल कांगड़ी की ऐतिहासिक विरासत और भारतीय ज्ञान परंपरा उसकी विशिष्ट पहचान है। प्रस्तावित विकास योजना के माध्यम से इस विरासत को अक्षुण्ण रखते हुए आधुनिक शिक्षा, अनुसंधान और वैश्विक शैक्षणिक मानकों के अनुरूप विश्वविद्यालय को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास किया जाएगा।

बैठक में प्रो. पंकज मदान, निदेशक आईक्यूएसी, वित्ताधिकारी प्रो. वीके सिंह, उप कुलसचिव डॉ. श्वेतांक, डॉ. सुहास, निदेशक शोध एवं विकास सहित विभिन्न संकायाध्यक्ष एवं विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला