गढ़वाल विवि में बीटेक की 56 सीटें खाली, 10 अगस्त तक दाखिले का मौका
पौड़ी गढ़वाल, 08 अगस्त (हि.स.)।हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के बिड़ला परिसर में बीटेक प्रथम वर्ष में दाखिले के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए एक और मौका मिला है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न इंजीनियरिंग पाठ्यक्रमों की 56 रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 10 अगस्त की शाम पांच बजे तक समर्थ पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं।
विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. ओपी गुसाईं की ओर से जारी प्रवेश परिपत्र के अनुसार रिक्त सीटों में इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार इंजीनियरिंग, इंस्ट्रूमेंटेशन इंजीनियरिंग, सूचना प्रौद्योगिकी और मैकेनिकल इंजीनियरिंग शामिल हैं।
इनमें इंस्ट्रूमेंटेशन इंजीनियरिंग में सबसे अधिक 30 सीटें खाली हैं। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार इंजीनियरिंग में 10, मैकेनिकल इंजीनियरिंग में 11 और सूचना प्रौद्योगिकी में पांच सीटें रिक्त हैं।
विश्वविद्यालय के अनुसार जेईई मेन-2026 में शामिल अभ्यर्थी इन सीटों पर प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते हैं। पंजीकरण प्रक्रिया 8 अगस्त दोपहर 12 बजे से शुरू होकर 10 अगस्त शाम पांच बजे तक चलेगी। विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर पंजीकरण पूरा करने को कहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह