गढ़देवा क्रीड़ा प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
पौड़ी गढ़वाल, 09 अक्टूबर (हि.स.)। रांसी स्टेडियम में आयोजित चार दिवसीय शीतकालीन गढ़देवा जनपदीय क्रीड़ा प्रतियोगिता के तीसरे दिन खिलाड़ियों ने विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन किया। ऊंची कूद, लंबी कूद, त्रिकूद, भाला फेंक, गोला फेंक, चक्का फेंक, हैमर थ्रो, पैदल चाल और दौड़ के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। विजेता खिलाड़ियों को पदक देकर सम्मानित किया गया।
खंड शिक्षा अधिकारी पौड़ी मास्टर आदर्श ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जनपदीय प्रतियोगिता में पदक जीतना खेल यात्रा का पहला पड़ाव है। खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रतिभा और कौशल का बेहतर प्रदर्शन करना चाहिए।
प्रतियोगिता में सब जूनियर बालक ऊंची कूद में नैनीडांडा के राजकीय इंटर कॉलेज पटोटिया के प्रभात प्रथम रहे। जूनियर बालिका ऊंची कूद में द्वारीखाल के राजकीय इंटर कॉलेज देवीखेत की निधि ने पहला स्थान प्राप्त किया। 100 मीटर दौड़ सब जूनियर बालिका वर्ग में थलीसैंण की सुहाना और बालक वर्ग में यमकेश्वर के विवेक प्रथम रहे।
सीनियर बालिका त्रिकूद में यमकेश्वर की निकीता, भाला फेंक में पौड़ी की रंजना, तीन किलोमीटर पैदल चाल में यमकेश्वर की शिवानी और तीन हजार मीटर दौड़ में यमकेश्वर की छवि ने प्रथम स्थान हासिल किया। चक्का फेंक और हैमर थ्रो में कोट के राजकीय इंटर कॉलेज देवप्रयाग की सुहानी प्रथम रहीं। जूनियर बालिका वर्ग की विभिन्न स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर जिला खेल समन्वयक योगम्बर सिंह नेगी, जिला खेल सह समन्वयक राजीव रावत सहित निर्णायक, आयोजक और विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य मौजूद रहे। प्रतियोगिता का संचालन जयदीप रावत और मनोहर चमोली ने किया।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह