गंगा स्नान और बकरीद को लेकर अलर्ट रहे जवान : एसएसपी
पौड़ी गढ़वाल, 24 मई (हि.स.)। एसएसपी सर्वेश पंवार ने गंगा स्नान एवं आगामी बकरीद पर्व को सकुशल और शांतिपूर्ण मनाने को लेकर थानाप्रभारियों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए है।
ऑनलाइन गोष्ठी में एसएसपी ने विशेष रूप से कोटद्वार, श्रीनगर और लक्ष्मणझूला क्षेत्र के थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगातार निगरानी रखने को कहा गया।
एसएसपी ने गंगा घाटों, बाजारों, मस्जिदों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं और समिति सदस्यों के साथ समन्वय बनाकर भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए संवाद स्थापित किया जाए।
इसके अलावा डायल 112 और चीता मोबाइल टीमों को लगातार गश्त करने, संवेदनशील क्षेत्रों में भ्रमणशील रहने व संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए।किसी भी प्रकार की अवांछनीय या अवैध गतिविधि पाए जाने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह