खजानदास ने छह सौ करोड के कार्यों का भूमि पूजन किया
देहरादून, 21 अप्रैल (हि.स.)। समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने मंगलवार काे राजपुर रोड विधान सभा क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों, गलियों में नई पेयजल लाइन बिछाने सहित लगभग 6.00 करोड के कार्यों का भूमि पूजन किया।
खजानदास ने आज कावली रोड सहित विभिन्न वार्डवासियों को बड़ा तोहफा देते हुये कावली रोड कोमेट कालोनी, कबीर डेरी वाली गली, गोपीनाथ मंदिर वाली गली, अंसारी मार्ग, डाडीपुर मौहल्ला, कालिका मंदिर के सामने वाली गली सहित विधानसभा क्षेत्रांतर्गत विभिन्न क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों के स्थान पर नई पेयजल लाइनें बिछाने के कार्यों का भूमि पूजन कर क्षेत्रवासियों को रुपये 5.80 करोड से अधिक कार्यो की सौगात दी।
गौरतलब है क्षेत्रवासियों द्वारा पिछले काफी समय से उपरोक्त क्षेत्रों में पेयजल सुधारीकरण की मांग की जा रही थी जिसका जनहित में तत्काल संज्ञान लेते हुये विधायक ने अधिकारियों को क्षेत्र की क्षतिग्रस्त पेयजल योजनाओ के पुर्ननिर्माण हेतु प्रस्ताव प्रेषित करने के निर्देश दिये।
इस अवसर पर खजाना दास ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुये अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि निर्माण कार्य हर हाल में समय अवधि में पूरे किये जाय तथा गुणवत्ता में किसी प्रकार की कोई कमी न हो, गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की कमी पाये जाने पर संबधित अधिकारियों को बख्शा नहीं जायेगा।
इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद सन्तोष नागपाल, अनिता गर्ग, विमला गौड, मनोज जाटव, वैभव अग्रवाल, विशाल कुमार, मण्डल अध्यक्ष भाजपा अम्बेडकर मण्डल पंकज शर्मा, महामंन्त्री अंकुर जैन, पूर्व पार्षद मुरलीधर शर्मां, भाजपा के वरिष्ठ नेता गोपाल पुरी, गल संस्थान के अधिकारियों सहित तमाम जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल