कोटद्वार 16 को रोजगार मेला, 500 से ज्यादा पदों पर सीधी भर्ती का मौका

 

पौड़ी गढ़वाल, 08 अगस्त (हि.स.)।नौकरी की तलाश में भटक रहे युवाओं के लिए 16 अगस्त का दिन उम्मीद लेकर आएगा। शहर के राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में लगने वाले रोजगार मेले में 500 से अधिक पदों पर भर्ती का मौका मिलेगा। खास बात यह है कि इसमें केवल डिग्रीधारी ही नहीं, बल्कि हाईस्कूल, इंटरमीडिएट और आईटीआई पास युवा भी अपनी योग्यता के अनुसार नौकरी के लिए दावेदारी कर सकेंगे।

जिला प्रशासन और कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय लैंसडौन की ओर से आयोजित इस रोजगार मेले में हरिद्वार, देहरादून और कोटद्वार क्षेत्र की 10 से 15 औद्योगिक इकाइयों के पहुंचने की संभावना है। कंपनियां विभिन्न पदों के लिए मौके पर ही अभ्यर्थियों का चयन करेंगी। रोजगार मेले में फिटर, इलेक्ट्रिशियन, वेल्डर और प्लंबर ट्रेड के आईटीआई अभ्यर्थियों के साथ मैकेनिकल व इलेक्ट्रिकल डिप्लोमा धारकों के लिए अवसर होंगे।

इसके अलावा बीटेक-एमटेक मैकेनिकल एवं इलेक्ट्रिकल, बीबीए, एमबीए, स्नातक और बीएससी-एमएससी केमिस्ट्री समेत अन्य योग्यता रखने वाले युवा भी प्रतिभाग कर सकेंगे।

क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी अजय सिंह ने बताया कि रोजगार मेला 16 अगस्त को सुबह 10 बजे से शुरू होगा। अभ्यर्थियों को अपने साथ बायोडाटा की दो प्रतियां, दो नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो, सभी शैक्षिक प्रमाणपत्रों की मूल एवं छायाप्रतियां और सेवायोजन पंजीकरण प्रमाणपत्र लाना होगा।

उन्होंने जिले के अधिक से अधिक पात्र युवाओं से रोजगार मेले में पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह