कैंटर ने मारी महिला को टक्कर: पैर के ऊपर से गुजरा पिछला पहिया

 


रामनगर, 25 जुलाई (हि.स.)। रामनगर के तेलीपुरा रोड पर शनिवार को हुए सड़क हादसे में 56 वर्षीय फहत जहां गंभीर घायल हो गईं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार, तेलीपुरा निवासी फहत जहां पैदल रामनगर की ओर जा रही थीं। इसी दौरान तेलीपुरा रोड पर एक कैंटर ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कैंटर का पिछला पहिया उनके पैर के ऊपर से गुजर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर महिला को अस्पताल पहुंचाया।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने कैंटर चालक को पकड़ लिया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने चालक को अपने कब्जे में लेकर मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।

घायल फहतजहां को रामनगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार महिला की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है। डॉक्टर लगातार उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डी तिवारी