केदारनाथ यात्रा: तैयारियां तेज, बर्फ हटाने का कार्य युद्धस्तर जारी
रुद्रप्रयाग, 28 मार्च (हि.स.)। आगामी केदारनाथ धाम यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। यात्रा मार्ग को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के लिए पैदल मार्ग पर जमी बर्फ हटाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। 60 मजदूरों की दो टीमें तैनात की गई हैं। इनमें एक 30 सदस्यीय टीम केदारनाथ धाम से नीचे की ओर बर्फ हटाने का कार्य कर रही है, जबकि दूसरी टीम छोटी लिंचोली से ऊपर की ओर बढ़ते हुए विभिन्न ग्लेशियर क्षेत्रों में जमी बर्फ को साफ करने में जुटी है।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) के अधिशासी अभियंता राजविंद सिंह ने बताया कि यात्रा मार्ग के कई हिस्सों में भारी मात्रा में बर्फ जमी है। विशेष रूप से भैरव ग्लेशियर और कुबेर ग्लेशियर क्षेत्र में 15 से 18 फीट तक बर्फ जमी है, जिससे सफाई कार्य चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। श्रमिक प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद लगातार कार्य कर रहे हैं और यात्रा शुरू होने से पहले मार्ग को पूरी तरह तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रशासन का कहना है कि आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त श्रमिकों की तैनाती कर कार्य में और तेजी लाई जाएगी।
इस वर्ष केदारनाथ धाम की यात्रा 22 अप्रैल से प्रारंभ हो रही है, जिसके दृष्टिगत सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय