केतन काे न्याय दिलाने सहित अन्य मांगाें काे लेकर धरना जारी

 


नई टिहरी, 27 अगस्त (हि.स.)। प्रतापनगर के चर्चित केतन लाल हत्याकांड में शामिल सह-आरोपियों की गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को एक करोड़ की आर्थिक सहायता देने, परिवार का सही जगह पर विस्थापन समेत छह सूत्री मांगों को लेकर बेमियादी धरना-प्रदर्शन जारी रहा।

उन्होंने सरकार पर पीड़ित परिवार की उपेक्षा का आरोप लगाया। वीरवार को भी देवल गांव के मृतक केतन लाल के पिता धनपाल लाल सहित अन्य ग्रामीणों के साथ ही भीम आर्मी के पदाधिकारियों का कलेक्ट्रेट में बेमियादी धरना चौथे दिन भी जारी रहा। उन्होंने पीड़ित परिवार के एक व्यक्ति को नौकरी देने, गांव से बाहर सुरक्षित स्थान पर पुनर्वास करने, हत्याकांड की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में करने, परिवार की सुरक्षा की जिम्मेदारी लेने की मांग की। लेकिन शासन-प्रशासन उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं ले रही है। जिसके चलते उन्हें दर-दर भटकना पड़ रहा है।

कहा कि घटना में शामिल अन्य लोगों की तीन माह में भी गिरफ्तारी हो पाई है। जिससे उनकी शासन-प्रशासन के प्रति नाराजगी है। इस मौके पर दिलीप बर्मन, पंकज कुलवंशी, प्रदीप कुमार,सुरेंद्र कुमार, राकेश लाल, रूकमणी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी