कृषि-स्टार्टअप से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई उड़ान देने पर जोर
पौड़ी गढ़वाल, 23 सितंबर (हि.स.)।एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय के श्रीनगर स्थित चौरास परिसर में बुधवार को राष्ट्रीय कृषि विस्तार प्रबंधन संस्थान (मैनेज), हैदराबाद की ओर से ‘कृषि-स्टार्टअप हितधारक संपर्क, सहयोग एवं साझेदारी को बढ़ावा’ विषय पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों, कृषि विशेषज्ञों, शिक्षाविदों, उद्यमियों और विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों ने कृषि उद्यमिता, नवाचार और ग्रामीण विकास की संभावनाओं पर मंथन किया।
मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और विशिष्ट अतिथि एचएनबीजीयू के कुलपति प्रकाश सिंह रहे। मैनेज के निदेशक (कृषि विस्तार) एवं सीईओ डॉ. सरवनन राज ने विद्यार्थियों से कृषि क्षेत्र में अपने नवाचार और विचारों को स्टार्टअप में बदलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय समस्याओं की पहचान कर तकनीक और उद्यमिता के जरिए रोजगार के साथ किसानों की आय बढ़ाने के अवसर तैयार किए जा सकते हैं। निदेशक/डीन कृषि एवं संबद्ध विज्ञान प्रो. आरएस नेगी ने कार्यक्रम के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में कृषि व्यवसाय, किसान उत्पादक संगठन, इंटर्नशिप, कृषि विस्तार, जैविक खेती, जीआई उत्पाद, जलवायु परिवर्तन, भंडारण एवं प्रसंस्करण और सरकारी योजनाओं पर चर्चा हुई। उद्यमी गोविंद सिंह धामी ने ग्रामीण पर्यटन और होमस्टे के जरिए स्थानीय उत्पादों, संस्कृति और व्यंजनों को बाजार से जोड़ने की संभावनाएं बताईं। बिरला परिसर के निदेशक प्रो. हरिभजन सिंह चौहान ने किसानों तक नई तकनीक और ज्ञान पहुंचाने के लिए संस्थागत सहयोग को जरूरी बताया। इस दौरान एसएसबी के डीआईजी सुभाष चंद्र नेगी, डॉ. अजीत नेगी, डॉ. डीके राणा सहित शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह