कूर्मांचल बैंक की अंशधारकों को 10 प्रतिशत लाभांश की घोषणा

 


नैनीताल, 31 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड के सबसे बड़े नगर सहकारी बैंकों में शामिल दि कूर्मांचल नगर सहकारी बैंक लिमिटेड ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए अपने अंशधारकों को 10 प्रतिशत लाभांश देने की घोषणा की है।

शनिवार को बैंक की 44वीं वार्षिक साधारण सभा में बैंक ने इस वित्तीय वर्ष में 4,592.65 करोड़ रुपये का कुल कारोबार और 21.70 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया है।

नगर के मल्लीताल स्थित एक होटल में आयोजित साधारण सभा की बैठक में कूर्मांचल बैंक के अध्यक्ष प्रकाश चन्द्र चौधरी ने अतिथियों और अंशधारकों का स्वागत किया। सचिव संजय साह ने अंकेक्षित तुलना-पत्र, लाभ-हानि विवरण और आगामी दो वर्षों का बजट प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि बैंक के कुल जमा 2,898.76 करोड़ और ऋण एवं अग्रिम 1,693.89 करोड़ रुपये रहे हैं।

वहीं बैंक का सीआरएआर 18.54 प्रतिशत और नेट एनपीए शून्य रहा है। बैंक की शाखाओं की संख्या बढ़कर 51 हो गई है। श्री चौधरी ने बताया कि यूआईडी आधारित मोबाइल बैंकिंग सुविधा शुरू करने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक से अनुमति लेने के प्रयास किये जा रहे हैं।

इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए छोटी शाखाओं में टनकपुर को एवं बड़ी शाखाओं में मुखानी सर्वश्रेष्ठ शाखा चुना गया और शाखा प्रबंधक ज्योति कुमार पंत तथा सुरेंद्र साह को सम्मानित किया गया। इनके अतिरिक्त कर्मचारियों के मेधावी बच्चों को भी पुरस्कृत किया गया।

सभा में पूर्व अध्यक्ष विनय साह, संचालक मंडल के सदस्य संगीता साह, डॉ. केदार पलड़िया, रमाकान्त अग्रवाल, सुनीता साह, विकास साह, राजेश साह, लीला आर्या, सीए दिव्यांशु सक्सेना, घनश्याम लाल साह, भुवन शर्मा, निधि साह, पूरन लाल साह और संजय लाल साह सहित प्रबंधन मंडल, बैंक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अदिति पाठक और उज्ज्वला साह ने किया तथा उपाध्यक्ष इन्द्र सिंह परिहार ने आभार जताया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी