कुमाऊं विश्वविद्यालय ने सम सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम किए घोषित
नैनीताल, 13 जुलाई (हि.स.)। कुमाऊँ विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026 के सम सेमेस्टर मुख्य एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के अंतर्गत 22 पाठ्यक्रमों के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए हैं। विश्वविद्यालय ने परीक्षाफल समथ पोर्टल एवं ईआरपी प्रणाली पर उपलब्ध करा दिए हैं।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार घोषित परिणामों में एमए के संस्कृत, हिन्दी, गणित, राजनीति विज्ञान, भूगोल, समाजशास्त्र, संगीत, ड्राइंग एंड पेंटिंग तथा शिक्षाशास्त्र विषयों के चतुर्थ सेमेस्टर, एमएससी के गणित, भौतिकी, भूगोल, सूचना प्रौद्योगिकी और फॉरेंसिक साइंस के विभिन्न सेमेस्टर, बीवीओसी इन हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट के चतुर्थ सेमेस्टर, बीफार्मा के द्वितीय, चतुर्थ एवं अष्टम सेमेस्टर, बीफार्मा (लेटरल एंट्री) चतुर्थ सेमेस्टर, एमबीए द्वितीय सेमेस्टर, डिप्लोमा इन हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट (एक वर्षीय) द्वितीय सेमेस्टर तथा एमएससी इन फैशन डिजाइनिंग द्वितीय सेमेस्टर के परीक्षाफल शामिल हैं।
बताया गया है कि जिन विद्यार्थियों ने परीक्षा आवेदन के समय समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण कर अपना स्टूडेंट अकाउंट सक्रिय किया है, वे विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर लॉगिन कर अपना परिणाम देख सकते हैं। महाविद्यालयों एवं संस्थानों के लॉगिन पर भी परीक्षाफल उपलब्ध करा दिए गए हैं। जिन विद्यार्थियों के परीक्षा आवेदन पत्र अथवा आवेदन शुल्क विश्वविद्यालय को ऑनलाइन प्राप्त नहीं हुए हैं, उनका परीक्षाफल फिलहाल रोक दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी