कुमाऊं विश्वविद्यालय ने बीए, बीएससी और बीकॉम तृतीय वर्ष का परीक्षा परिणाम किया घोषित

 


नैनीताल, 23 सितंबर (हि.स.)। कुमाऊं विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक वर्ष 2026 में पंजीकृत विद्यार्थियों की वार्षिक सुधार परीक्षा के अंतर्गत बीए, बीएससी और बीकॉम तृतीय वर्ष के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए हैं। विश्वविद्यालय की ओर से जारी सूचना में बताया गया है कि ये परिणाम वार्षिक पद्धति के अंतर्गत आयोजित सुधार परीक्षाओं से संबंधित हैं।

विश्वविद्यालय के अनुसार संबद्ध महाविद्यालयों और संस्थानों में पंजीकृत विद्यार्थी अपना परीक्षा परिणाम विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध ईआरपी पोर्टल के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए विद्यार्थियों को अपने अनुक्रमांक, पंजीकरण संख्या, ईमेल अथवा मोबाइल नंबर और पासवर्ड के माध्यम से अंकपत्र में परिणाम देखना होगा। किसी कारणवश पोर्टल पर प्रवेश नहीं कर पाने वाले विद्यार्थी अपने महाविद्यालय या संस्थान से परीक्षा परिणाम प्राप्त कर सकते हैं।

विश्वविद्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन विद्यार्थियों को परीक्षा आवेदन पत्र और परीक्षा आवेदन शुल्क ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त नहीं हुआ है, उनका परीक्षा परिणाम रोका गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी