कुमाऊं विश्वविद्यालय को ‘मिशन अमृत सरोवर’ योजना के मूल्यांकन अध्ययन का मिला दायित्व

 


नैनीताल, 26 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तराखंड सरकार के सेतु आयोग ने राज्य में संचालित ‘मिशन अमृत सरोवर’ योजना के मूल्यांकन अध्ययन का दायित्व कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल को सौंपा है। इस संबंध में सेतु आयोग उत्तराखंड शासन ने कार्यादेश जारी कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सेतु आयोग ने 8 दिसंबर 2025 को योजना के मूल्यांकन के लिए अभिरुचि आमंत्रित की थी। इसके पश्चात विश्वविद्यालयों एवं संस्थानों से प्राप्त तकनीकी तथा वित्तीय प्रस्तावों का परीक्षण 27 जनवरी 2026 को आयोजित मूल्यांकन समिति की बैठक में किया गया। परीक्षण के उपरांत जंतु विज्ञान विभाग के डॉ. दीपक मेलकानी द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव के आधार पर कुमाऊं विश्वविद्यालय का चयन किया गया है।

नियोजन विभाग उत्तराखंड शासन ने 20 फरवरी 2026 को जारी पत्र के माध्यम से 20.00 लाख रुपये की स्वीकृत लागत पर यह अध्ययन कार्य मुख्य अन्वेषक डॉ. दीपक मेलकानी को प्रदान किया है। अध्ययन छह माह की अवधि में पूर्ण किया जाएगा। अध्ययन के अंतर्गत योजना के क्रियान्वयन, प्रभाव, उपयोगिता तथा सामाजिक-आर्थिक परिणामों का विस्तृत मूल्यांकन किया जाएगा। इसके लिए फील्ड सर्वे, प्राथमिक एवं द्वितीयक आंकड़ों का संग्रह, हितधारकों के साथ समूह चर्चा तथा आवश्यक विश्लेषण किया जाएगा।

इस उपलब्धि पर कुलपति प्रो. दीवान सिंह रावत, कुलसचिव डॉ. मंगल सिंह मंद्रवाल तथा विश्वविद्यालय के अनेक प्राध्यापकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अध्ययन दल को शुभकामनाएं दी हैं।

कुमाऊं विश्वविद्यालय ने प्रो. संजय पंत को डीएसबी परिसर नैनीताल के विज्ञान संकाय के अध्यक्ष पद पर नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति वर्ममान संकायाध्यक्ष प्रो. चित्र पांडे की 28 फरवरी को हो रही सेवानिवृत्ति के फलस्वरूप अगले 3 वर्ष अथवा सेवानिवृत्ति की तिथि तक के लिये की गयी है। वहीं डीएसबी परिसर के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी सुरेश लाल को तत्काल प्रभाव से अग्रिम आदेशों तक लोक सूचना अधिकारी नामित किया है। उनकी नियुक्ति पिछले माह इस जिम्मेदारी पर नियुक्त संगीत विभाग के सहायक अधिष्ठाता डॉ. अशोक कुमार के यह दायित्व न संभालने के फलस्वरूप की गयी है। कूटा यानी कुमाऊं विश्वविद्यालय शिक्षक संघ ने दोनों नियुक्तियों पर खुशी व्यक्त करते हुए दोनों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी