कुमाऊं विश्वविद्यालय को राज्य अंतर विश्वविद्यालय खेलों में द्वितीय और अखिल भारतीय क्रॉस कंट्री में 14वां स्थान
नैनीताल, 28 फ़रवरी (हि.स.)। कुमाऊँ विश्वविद्यालय ने गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रोद्योगिक विश्वविद्यालय द्वारा 23 से 26 फरवरी 2026 तक आयोजित राज्य अंतर विश्वविद्यालय उत्तराखंड खेल प्रतियोगिताओं में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। विवि के प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में फुटबॉल, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, टेबल टेनिस, बैडमिंटन और एथलेटिक्स सहित कुल 13 खेलों की महिला एवं पुरुष स्पर्धाओं में कुविवि ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया।
इसी क्रम में मंगलौर विश्वविद्यालय और अल्वास एजुकेशन फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में 26 व 27 फरवरी 2026 को आयोजित अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय महिला क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता 2025-26 में कुमाऊँ विश्वविद्यालय ने 105 विश्वविद्यालयों के बीच 14वाँ स्थान हासिल किया। टीम के साथ प्रबंधक गोविंद सिंह और कोच श्याम मेवाड़ी मौजूद रहे।
कुलपति प्रो. दीवान सिंह रावत ने सभी टीमों को बधाई दी है। कुल सचिव डॉ. मंगल सिंह, वित्त नियंत्रक कमलेश भंडारी, परिसर निदेशक प्रो. नीता बोरा शर्मा, अधिष्ठाता छात्र प्रो. संजय पंत, कुलानुशासक प्रो. एचएस बिष्ट, प्रो. चित्रा पांडे, प्रो. बिना पांडे, प्रो. अतुल जोशी, प्रो. रजनीश पांडे, प्रो. ललित तिवारी सहित शिक्षकों, कर्मचारियों और खिलाड़ियों ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी