कुमाऊं विश्वविद्यालय के छात्र महासंघ चुनाव की अधिसूचना जारी

 


नैनीताल, 27 सितंबर (हि.स.)। कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर स्थित छात्र कल्याण अधिष्ठाता कार्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिये विश्वविद्यालय के छात्र महासंघ चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी है। चुनाव अधिकारी डॉ. मनोज कुमार आर्य ने अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. संजय पंत की मौजूदगी में अधिसूचना जारी की।

जारी कार्यक्रम के अनुसार आगामी एक अक्टूबर को महिला अध्ययन केंद्र, हर्मिटेज भवन में सुबह 10 से 12 बजे तक नामांकन पत्रों की बिक्री, 11 बजे से दोपहर एक बजे तक नामांकन, एक से दो बजे तक नामांकन पत्रों की जांच और दो से 2.30 बजे तक नाम वापसी होगी। दोपहर तीन से चार बजे तक मतदान और इसके बाद शाम चार बजे से मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे तथा विजयी प्रत्याशियों को शपथ दिलाई जाएगी। बताया गया कि चुनाव विश्वविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव के संविधान और लिंगदोह समिति की सिफारिशों के अनुसार हांगे।

चुनाव में विश्वविद्यालय के परिसरों और संबद्ध महाविद्यालयों से निर्वाचित विश्वविद्यालय प्रतिनिधि निर्वाचक मंडल और प्रत्याशी के रूप में भाग ले सकेंगे। प्रत्याशी को चुनाव लड़ने का केवल एक अवसर मिलेगा और पूर्व में किसी पदाधिकारी पद का चुनाव लड़ चुके विद्यार्थी अर्ह नहीं होंगे। इसके लिए छात्र कल्याण अधिष्ठाता या प्राचार्य से जारी प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना होगा।

प्रत्याशियों को 100 रुपये के गैर-न्यायिक स्टाम्प पत्र पर नोटरी से सत्यापित शपथ पत्र देना होगा। नामांकन और जमानत राशि 1,200-1,200 रुपये निर्धारित की गई है। इस दौरान प्रो. ललित तिवारी, प्रो. एचसीएस बिष्ट, डॉ. कुबेर गिनती और नंदाबल्लभ पालीवाल मौजूद रहे। चुनाव में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, उपाध्यक्ष छात्रा, सचिव, संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष समेत छह पदों पर निर्वाचन होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी