कुंजापुरी मेला : भीड़ प्रबंधन की तैयारियों में जुटी पुलिस विभाग को दिए जरूरी निर्देश

 


नई टिहरी, 06 अक्टूबर (हि.स.)। डीएम नितिका खंडेलवाल और एसएसपी श्वेता चौबे ने 11 अक्तूबर से शुरू होने वाले कुंजापुरी मेला स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने झंडारोहण स्थल, झांकियों के लिए निर्धारित स्थान, स्टॉल सहित विभिन्न व्यवस्था को परखा। अधिकारियों को इस संबंध में जरूरी निर्देश दिए।

मंगलवार को डीएम नितिका ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेला के दौरान श्रद्धालुओं व आगंतुकों की सुरक्षा प्राथमिकता से सुनिश्चित करें। उन्होंने पुलिस, फायर व इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्टर की संयुक्त टीम गठित कर सेफ्टी ऑडिट करने के निर्देश दिए। पुलिस विभाग को मेले के दौरान भीड़ प्रबंधन के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। भीड़ के आवागमन, प्रवेश व निकास व्यवस्था, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए।

सभी विभगाों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए मेला संपादित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि मेला में आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाना जरूरी है। निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष नगर पालिकाध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार, एसडीएम आशीष घिड़ियाल, सीओ सुरेंद्र सिंह भंडारी मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी