कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की तैयारियों को लेकर बैठक में की समीक्षा
नई टिहरी, 02 अक्टूबर (हि.स.)। सिद्धपीठ श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की बैठक में मेले की तैयारियों पर चर्चा की गई। बताया गया कि मेला समिति की ओर से आयोजित वॉलीबाल प्रतियोगिता की विजेता टीम को 1.1 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। अन्य खेलों में भी आकर्षक इनाम रखे गए हैं। 11 से 19 अक्तूबर तक आयोजित श्री कुंजापुरी मेले को भव्य रूप देने की तैयारी की जा रही है।
नरेंद्रनगर के श्री कुंजापुरी गोल्डन जुबली मेले को लेकर लोगों में खासा उत्साह बना हुआ है। मेला समिति भी मेले को एक नया और भव्य रूप देने की तैयारी में जुटी हुई है। शुक्रवार को आयोजित सांस्कृतिक मेला समिति की बैठक में सीईओ कमला बड़वाल ने कहा कि मेला उद्घाटन की झांकी-प्रदर्शनी में जिले के सभी ब्लॉकों से शिक्षण संस्थानों की झांकियां आमंत्रित की गई हैं। इस बार मेले में स्थानीय प्रतिभाओं के सांस्कृतिक कार्यक्रमों को विशेष स्थान दिया जाएगा।
बताया गया कि राष्ट्रीय स्तर की वॉलीबाल प्रतियोगिता की पुरस्कार राशि एक लाख एक हजार रुपये की गई है। जबकि फुटबॉल प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 21 हजार, द्वितीय 11 हजार दिए जाएंगे। कबड्डी महिला-पुरुष दोनों वर्गों में विजेता को 21 हजार और उपविजेता को 15 हजार दिए जाएंगे। 21 किलोमीटर की मैराथन दौड़ में प्रथम को 15 हजार, द्वितीय को 10 हजार, तृतीय को 8 हजार, चतुर्थ को सात हजार और पंचम स्थान प्राप्त करने वाले को पांच हजार दिए जाएंगे। मेले में बच्चों के लिए जलेबी दौड़, चम्मच रेस, बोरा दौड़, मुर्गा झपट, कला, भाषण, निबंध प्रतियोगिता भी कराई जाएगी। राइफल शूटिंग, बैडमिंटन, टेबल टेनिस प्रतियोगिता भी कराई जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी