किमाणा गांव मे फिर आफत की बारिश, दो परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा
ज्योतिर्मठ, 31 जुलाई (हि.स.)। सीमांत ब्लॉक ज्योतिर्मठ के सुदूरवर्ती गाँव किमाणा मे बारिश के बाद हो रहे भूस्खलन से पूरा गाँव खतरे की जद मे है, बीती रात्रि को हुई मूसलाधार बारिश के बाद दो घरों मे मलबा घुस गया, दोनों परिवारों को सुरक्षित स्थान पर सिफ्ट किया गया है। गाँव के ठीक ऊपर से पानी के साथ मलबा बहकर आ रहा है जो खेत खिलियानों के साथ ही घरों को भी नुकसान पहुंचा रहा है। पहले ही गांव के बीस परिवार खतरे की जद मे आ चुके थे. लेकिन बीती रात्रि तो मलबा दो परिवारों पर कहर बनकर टूटा, आनन फानन मे दो परिवारों को सुरक्षित स्थान पर रखा गया।
किमाणा गाँव की प्रधान शशि देवी ने पुनः एसडीएम को पत्र भेजकर राहत एवं बचाव कार्यों मे तेजी लाने के साथ ही प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर विस्थापन की मांग की है। लगातार हो रही बारिश व भूस्खलन के कारण गाँव मे पेयजल व विद्युत लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। एसडीएम सीएस वशिष्ठ के अनुसार राजस्व टीम को क्षति के आंकलन के लिए मौके पर भेजा गया है, स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर रखे हुए है, फिलहाल दो परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर सिफ्ट कर दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रकाश कपरुवाण