कार्यो में खामियां मिलने पर डीएम नाराज
पौड़ी गढ़वाल, 05 मार्च (हि.स.)। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने गुरुवार को कोटद्वार क्षेत्र में संचालित विभिन्न महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति का जायज़ा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने काशीरामपुर तल्ला में निर्माणाधीन सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी), हल्दूखाता में बन रहे आयुर्वेदिक चिकित्सालय तथा कृषि उत्पादन मंडी समिति का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने कार्यों में पायी गयी खामियों पर कड़ी नाराज़गी जताई और संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में लापरवाही, गुणवत्ता में कमी या अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। काशीरामपुर तल्ला में निरीक्षण के दौरान डीएम ने 21 एमएलडी क्षमता के निर्माणाधीन सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का जायज़ा लिया। कहा कि एसटीपी का निर्माण क्षेत्र में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए निर्माण कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप तेज गति से आगे बढ़ाया जाए।
उन्होंने सड़कों को खुद देखकर नाराज़गी व्यक्त की और एक माह के भीतर उन्हें पूर्ववत स्थिति में लाने के निर्देश दिए। हल्दूखाता में निर्माणाधीन 50 बेड के आयुर्वेदिक चिकित्सालय का निरीक्षण के दौरान डीएम ने अस्पताल परिसर में रैंप, लिफ्ट, सीढ़ियां, पंचकर्म एवं योग वार्ड, इमरजेंसी वार्ड, ओपीडी कक्ष, पार्किंग, अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी कोटद्वार संदीप कुमार, तहसीलदार साक्षी उपाध्याय, एसटीपी परियोजना के प्रोजेक्ट मैनेजर एसके वर्मा, प्रोजेक्ट इंजीनियर दीपक वत्स, प्रभारी चिकित्साधिकारी आयुर्वेदिक डॉ. अंजना पंत आदि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह