कांवड़ यात्रा से पहले हर मोर्चे पर मुस्तैद पौड़ी पुलिस, ड्यूटी प्वाइंटों पर संभाला जिम्मा

 


पौड़ी गढ़वाल, 29 जुलाई (हि.स.)। नीलकंठ कांवड़ यात्रा के शुभारंभ से पहले पौड़ी पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आई। यात्रा मार्ग पर निर्धारित सभी ड्यूटी प्वाइंटों पर पुलिस अधिकारी और जवान समय से पहुंचकर तैनात हो गए तथा अपनी जिम्मेदारियां संभाल लीं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यात्रा को सुचारु बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की निगरानी में जोनल एवं सेक्टर अधिकारी लगातार अपने-अपने क्षेत्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। प्रत्येक ड्यूटी प्वाइंट पर सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और यातायात संचालन की पल-पल निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए। ड्यूटी प्वाइंटों पर तैनात प्रभारियों ने जवानों को विस्तृत ब्रीफिंग देते हुए एसएसपी सर्वेश पंवार ने सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस कर्मियों को पूरी सतर्कता, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए गए हैं। पौड़ी पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस बल पूरी तरह तैयार है और हर चुनौती से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह