कांवड़ यात्रा के लिए स्वास्थ्य विभाग तैयार, यात्रा मार्ग पर 24 घंटे मिलेंगी चिकित्सा सुविधाएं
देहरादून, 20 जुलाई (हि.स.)। आगामी 30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। यात्रा मार्ग पर 24 घंटे संचालित होने वाली मेडिकल रिलीफ पोस्ट, एंबुलेंस और चिकित्सकों की तैनाती के माध्यम से श्रद्धालुओं को तत्काल स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना ही हमारी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा चिन्हित पॉइंट श्यामपुर चौकी और आईडीपीएल मे तैनात स्वास्थ्य विभाग की (एमआरपी) मेडिकल रिलीज पोस्ट 24 घंटे श्रद्धालुओं के लिए स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करेगी। जहां रोस्टर के अनुसार शिफ्ट वाइस डॉक्टरों की तैनाती रहेगी। साथ ही उन्होंने बताया कि हमारे द्वारा बस स्टैंड और रेलवे स्टैंड में भी एंबुलेंस की सुविधा श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध रहेगी, जिससे यात्रा सुरक्षित एवं सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
उन्होंने जानकारी दी कि 30 जुलाई से 11 अगस्त तक चलने वाली कावड़ यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर मेडिकल रिलीफ पोस्ट (एमआरपी) स्थापित किए जाएंगे। प्रत्येक मेडिकल रिलीफ पोस्ट पर डॉक्टर, फिजिशियन, फार्मासिस्ट तथा वार्ड बॉय व स्टाफ नर्स की तैनाती रहेगी, जिससे किसी भी श्रद्धालु को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तत्काल उपचार एवं प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराई जा सके।
इसके अलावा यात्रा मार्ग पर आवश्यक दवाइयों, प्राथमिक उपचार सामग्री एवं आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की भी पर्याप्त व्यवस्था की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं चिकित्सा कर्मियों को पूरी यात्रा अवधि के दौरान मुस्तैद रहने के निर्देश दिए हैं।
-----
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल