कनखल चौक बाजार में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान
हरिद्वार, 22 मई (हि.स.)। उपनगरी कनखल के चौक बाजार में पुलिस प्रशासन की ओर से शुक्रवार को अवैध अतिक्रमण और नो पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया गया।
पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि बाजार क्षेत्र में बाहरी वाहनों को नो पार्किंग जोन में खड़ा किया जा रहा है। साथ ही ठेली-रेड़ी संचालक और कुछ दुकानदार सड़क पर सामान रखकर अतिक्रमण कर रहे थे, जिससे आए दिन जाम की स्थिति बन रही थी।
कार्रवाई के दौरान प्रभारी निरीक्षक कनखल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने बाजार क्षेत्र से अतिक्रमण हटवाया। ट्रैफिक पुलिस ने नो पार्किंग में खड़े वाहनों को क्रेन की मदद से हटाकर उनके चालान किए।
पुलिस ने ठेली-रेड़ी संचालकों और दुकानदारों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में सड़क पर अतिक्रमण पाए जाने पर चालानी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आम जनता को जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला