ओवररेटिंग और अवैध शराब पर सख्ती, 25 तक लंबित अर्थदंड वसूली के निर्देश
पौड़ी गढ़वाल, 22 सितंबर (हि.स.)। आबकारी विभाग की कार्रवाई के बाद भी अर्थदंड की वसूली लंबित मिलने पर जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने नाराजगी जताई। उन्होंने 25 सितंबर तक लंबित अर्थदंड की शत-प्रतिशत वसूली के निर्देश दिए। साथ ही शराब की दुकानों में ओवररेटिंग और ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के लिए निरीक्षण और छापेमारी बढ़ाने को कहा।
मंगलवार को एनआईसी कक्ष में आबकारी विभाग की समीक्षा बैठक में डीएम ने राजस्व वसूली, अनुज्ञापनों, निरीक्षण और प्रवर्तन कार्रवाई की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कार्रवाई के बाद अर्थदंड की वसूली लंबित नहीं रहनी चाहिए। लंबित मामलों की नियमित निगरानी कर समयबद्ध निस्तारण किया जाए।
डीएम ने पौड़ी, श्रीनगर, कोटद्वार और रिखणीखाल की मंदिर दुकानों से संबंधित प्रतिभूति और पूर्व में जमा प्रतिभूति के विस्तार की स्थिति की भी जांच करने के निर्देश दिए। ओवररेटिंग की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए दुकानों के नियमित निरीक्षण और जरूरत के अनुसार छापेमारी बढ़ाने को कहा गया। पुष्टि होने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। एडीएम एफआर चौहान को उपजिलाधिकारियों के माध्यम से भी शराब की दुकानों का निरीक्षण कराने को कहा गया।
ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब की बिक्री पर रोक के लिए निगरानी और छापेमारी बढ़ाने तथा अनधिकृत बिक्री करने वालों को चिन्हित कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बैठक में एडीएम एफआर चौहान, जिला आबकारी अधिकारी तपन पांडेय समेत विभागीय निरीक्षक मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह