एसटीएफ की कार्रवाई में 18 हजार प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद, तस्कर फरार
हरिद्वार, 12 मई (हि.स.)। उत्तराखण्ड में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ, एएनटीएफ देहरादून टीम ने हरिद्वार जनपद के लंढौरा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 18 हजार प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए हैं। इस दौरान तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ली, जबकि आरोपित पुलिस टीम को देखकर मौके से फरार हो गए।
मुख्यमंत्री के ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देश पर राज्यभर में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसटीएफ/एएनटीएफ टीम ने थाना मंगलौर पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान लंढौरा क्षेत्र से भारी मात्रा में प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए गए।
मौके पर बुलाए गए ड्रग इंस्पेक्टर हरीश ने जांच के बाद इन दवाइयों को प्रतिबंधित नशीली श्रेणी का बताया। बरामद ट्रामाडोल कैप्सूल की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त बाइक संख्या यूके 08 एएफ 5637 भी बरामद की। हालांकि पुलिस टीम को देखकर आरोपी मौके से फरार हो गए। जांच के दौरान फरार आरोपियों में से एक की पहचान फारुख पुत्र महमूद निवासी बहादराबाद, हरिद्वार के रूप में हुई है, जबकि उसके एक अन्य साथी की पहचान की जा रही है।
पुलिस ने इस मामले में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर लगातार दबिश दी जा रही है। साथ ही एसटीएफ,एएनटीएफ टीम आरोपियों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगालते हुए पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला