एसओटीएफ कुमाऊं व पुलभट्टा में डोडा पाउडर व तमंचे के साथ नशा तस्कर गिरफ्तार

 


नैनीताल, 07 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘ड्रग्स फ्री उत्तराखण्ड’ अभियान के अंतर्गत कुमाऊँ परिक्षेत्र में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एसओटीएफ कुमाऊँ और थाना पुलभट्टा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक नशा तस्कर को भारी मात्रा में डोडा, देशी तमंचा व कारतूस के साथ गिरफ्तार किया।

कुमाऊँ परिक्षेत्र की पुलिस महानिरीक्षक सुश्री रिद्धिम अग्रवाल से प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार 7 मई 2026 को वाहन चेकिंग के दौरान सिरौली कला क्षेत्र में आकिब पुत्र मुख्तयार अहमद निवासी वार्ड संख्या 6, सिरौली कला, किच्छा जनपद ऊधमसिंहनगर को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 16.560 किलोग्राम डोडा, एक देशी तमंचा, 315 बोर के 10 जिंदा कारतूस तथा एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध थाना पुलभट्टा में संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।

पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊँ परिक्षेत्र रिद्धिम अग्रवाल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर को निर्देश दिए हैं कि मामले की गहन जांच कर यह पता लगाया जाए कि अवैध मादक पदार्थ और हथियारों की आपूर्ति कहां से हो रही थी तथा किन क्षेत्रों में इसकी सप्लाई की जा रही थी। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

कुमाऊँ परिक्षेत्र पुलिस के अनुसार पिछले आठ माह में एसओटीएफ कुमाऊँ द्वारा नशे के विरुद्ध अभियान चलाते हुए विभिन्न स्थानों से 794 नशीले इंजेक्शन तथा 44 हजार 170 नशीली गोलियां और कैप्सूल बरामद किए जा चुके हैं। पुलिस ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी