एसआईआर को सफल बनाने में राजनीतिक दल निभाएं सक्रिय भूमिका
पौड़ी गढ़वाल, 21 जुलाई (हि.स.)। अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी एफ.आर. चौहान की अध्यक्षता में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत राजनीतिक दलों के जनपद स्तरीय पदाधिकारियों, उनके प्रतिनिधियों एवं बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-1) के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर तैयार की जा रही निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम, समय-सारिणी तथा निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन कर रहे हैं। साथ ही पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करने, अपात्र मतदाताओं के नाम हटाने तथा त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों में आवश्यक संशोधन की कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अपने बीएलए के माध्यम से अभियान में सक्रिय सहयोग करें, ताकि निर्वाचक नामावली अधिकाधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित तैयार की जा सके। बैठक में निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया गया कि प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 14 जुलाई 2026 को किया गया है।
इसके बाद 4 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जा रही हैं। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 14 जुलाई से 11 सितंबर तक किया जाएगा तथा 15 सितंबर 2026 को अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया जाएगा।
बैठक में बीएलए-1 को गणना प्रपत्र भरने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों, सत्यापन की कार्यप्रणाली तथा मतदाता सूची के शुद्धिकरण संबंधी दिशा-निर्देशों से भी अवगत कराया गया। साथ ही सभी राजनीतिक दलों से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने में सहयोग करने का आग्रह किया गया।
बैठक में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एसएल शाह, जनीतिक दलों के प्रतिनिधियों में राजेन्द्र सिंह राणा, भरत सिंह रावत, जगमोहन सिंह नेगी, सुरेन्द्र सिंह रावत, जगदम्बा नैनवाल, महेश नेगी आदि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह