एनसीसी के मेनू कैम्प के चौथे दिन कैडेटों ने पूरी की 25.5 किमी नौकायन यात्रा

 


नैनीताल, 20 अगस्त (हि.स.)। 5 यूके नेवल यूनिट एनसीसी, नैनीताल द्वारा आयोजित मेनू कैम्प-2026 के चौथे दिन कैडेटों ने नैनी झील में 25.5 किलोमीटर की नौकायन यात्रा पूरी की। इसके साथ ही चार दिनों में कुल 106.5 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए कैडेटों ने घोड़ाखाल सैनिक स्कूल में एसएसबी स्तर का बाधा प्रशिक्षण, टिफिन टॉप तक पदयात्रा और पर्यावरण संरक्षण अभियान में भी भाग लिया।

कमांडिंग ऑफिसर कैप्टन मृदुल शाह ने बताया कि कैम्प में कैडेटों को समूहों में विभाजित कर नौसैनिक, साहसिक, शारीरिक और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। घोड़ाखाल सैनिक स्कूल में एसएसबी स्तर के बाधा प्रशिक्षण के दौरान शारीरिक क्षमता, संतुलन, साहस और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में निर्णय लेने का अभ्यास कराया गया।

कैडेटों ने टिफिन टॉप तक पदयात्रा कर वहां प्लास्टिक और अन्य कचरा एकत्र कर स्वच्छता अभियान चलाया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके अलावा कुमाऊं विश्वविद्यालय के हिमालय संग्रहालय का शैक्षणिक भ्रमण कर सहायक क्यूरेटर पूरन अधिकारी से हिमालयी संस्कृति, लोकजीवन और विरासत की जानकारी प्राप्त की।

कैप्टन शाह ने कहा कि कैम्प का उद्देश्य कैडेटों में अनुशासन, नेतृत्व, सामाजिक उत्तरदायित्व, पर्यावरण चेतना और सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूकता विकसित करना है। कैम्प की गतिविधियों में मुख्य प्रशिक्षक अरविंद कुमार, प्रशांत तोमर, विक्रांत सिंह, अमर प्रधान, सनी कुमार, दीपक कुमार, अनूप कुमार और सहयोगी कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी