एनएसएस स्थापना दिवस पर नई टिहरी और चंबा में निकाली जागरूकता रैली

 


नई टिहरी, 24 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्थापना दिवस पर विद्या मंदिर इंटर कॉलेज नई टिहरी और उनियाल सारी चंबा में स्वयंसेवियों ने जन जागरूकता रैली निकाल कर लोगों को राष्ट्रहित में योगदान देने की अपील की।

वीरवार को चंबा में विद्या मंदिर के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न मार्गों पर रैली निकाली। वहीं सुमन पार्क और विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। प्रधानाचार्य इंद्रपाल परमार ने स्वयंसेवियों से कहा कि एनएसएस के सिद्धांतों का पालन करते हुए स्वयं की प्रेरणा से कार्य करें।

घर, स्कूल और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने के साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए भी प्रयास करें। इस मौके पर कार्यक्रम अधिकारी सुरजीत पुंडीर, केशवानंद मैठाणी, सागर डोभाल, राजेश नेगी, अरुण सेमवाल, महावीर सिंह मौजूद थे। इधर, नई टिहरी विद्या मंदिर में कार्यक्रम अधिकारी राजेंद्र सिंह मिश्रवाण ने ने स्वयंसेवियों को योजना का लक्ष्य और कार्य से रूबरू कराया।

प्रधानाचार्य बीडी कुनियाल ने स्वयंसेवियों से अनुशासित और स्वप्रेरित होने का आह्वान किया। उन्होंने उत्कृष्ट छात्रा साईशा को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। वहीं श्रमदान सत्र में विद्यालय परिसर में पॉलीथिन उन्मूलन कार्यक्रम चलाया गया। साथ ही नशा मुक्त भारत और स्वच्छ भारत अभियान पर चर्चा की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी