एकल विद्यालय की बहनों ने जवानों को बांधी राखी,टनल हादसे में सहयोग को सराहा

 


पीपलकोटी/चमोली, 28 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन के अवसर पर एकल अभियान के एकल विद्यालयों की बहनों ने विष्णुगढ़-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना में तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों को राखी बांधकर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। जवानों ने भी इस आत्मीय पहल के लिए बहनों का आभार जताया।

कार्यक्रम में एकल अभियान अंचल गोपेश्वर की प्रभारी एवं भाजपा व्यवसायिक प्रकोष्ठ की प्रदेश संयोजक अतुल शाह ने सीआईएसएफ अधिकारियों और जवानों को एकल विद्यालय अभियान की गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एकल विद्यालय दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के साथ संस्कार, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्रभावना को मजबूत करने का कार्य कर रहे हैं।

शाह ने कहा कि सीआईएसएफ जवान अपने परिवारों से दूर रहकर देशसेवा के साथ महत्वपूर्ण औद्योगिक संस्थानों और परियोजनाओं की सुरक्षा में अहम भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में रक्षाबंधन पर उन्हें रक्षा सूत्र बांधना समाज की ओर से सम्मान और आत्मीयता का प्रतीक है।

उन्होंने हाल में हुए टनल हादसे का उल्लेख करते हुए कहा कि संकट की घड़ी में सीआईएसएफ जवानों ने तत्परता और जिम्मेदारी के साथ रेस्क्यू अभियान में सहयोग किया, जो सराहनीय है। उनके प्रयासों ने मानवता और कर्तव्यनिष्ठा का सकारात्मक संदेश दिया।

सीआईएसएफ इकाई प्रभारी सहायक कमांडेंट सुनील दत्त ने कहा कि परिवार से दूर तैनात जवानों के लिए इस तरह का आयोजन भावनात्मक रूप से विशेष महत्व रखता है।

इस अवसर पर अंचल अभियान प्रमुख रश्मि नेगी, महिला सचिव नीरज पंवार, पूर्व प्रधान मठ शकुंतला देवी, सामाजिक कार्यकर्ता जगदंबा प्रसाद हटवाल, उषा देवी, सब इंस्पेक्टर नितेश कुमार सहित सीआईएसएफ के अधिकारी और जवान मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रकाश कपरुवाण