एक माह में उद्यान विभाग को मिलेंगे 415 माली, फसल नुकसान का आकलन कर किसानों को मुआवजा देने के निर्देश

 


देहरादून, 13 अक्टूबर (हि.स.)। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने मंगलवार को अधिकारियों को बेमौसम बारिश और अतिवृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का आकलन कर प्रभावित किसानों को जल्द क्षतिपूर्ति देने के निर्देश दिए। उन्होंने राजकीय उद्यानों और पौधशालाओं में 415 माली की भर्ती प्रक्रिया भी शीघ्र पूरी करने को कहा। विभागीय अधिकारियों ने एक माह के भीतर सभी औपचारिकताएं पूरी कर माली उपलब्ध कराने की बात कही।

मंत्री गणेश जोशी ने अपने कैंप कार्यालय में कृषि एवं उद्यान विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को फसल बीमा योजना के प्रति किसानों को जागरूक करने और अधिक से अधिक किसानों को इससे जोड़ने के लिए विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश के सभी जिलों में स्थित राजकीय उद्यानों और पौधशालाओं में आउटसोर्स के माध्यम से 415 माली उपलब्ध कराने की प्रक्रिया चल रही है। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद एक माह के भीतर माली उपलब्ध करा दिए जाएंगे।

मंत्री ने पॉलीहाउस योजना की समीक्षा करते हुए स्थापना कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में पॉलीहाउस स्थापना का लगभग 38 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और शेष कार्य जारी है। जोशी ने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप निर्माण कार्य पूरा करने को कहा।

उन्होंने नवंबर में कृषि एवं उद्यान विभाग की ओर से प्रस्तावित टी फेस्टिवल और अन्य कार्यक्रमों की तैयारियों की भी समीक्षा की। मंत्री ने कार्यक्रमों की रूपरेखा समय से तैयार करने और आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जियो लाइन टैंक निर्माण कार्यों को भी तय समय सीमा के भीतर पूरा करने पर जोर दिया।

बैठक में कृषि एवं उद्यान महानिदेशक डॉ.आनंद श्रीवास्तव,उद्यान निदेशक डॉ.आर.के.सिंह,कृषि निदेशक दिनेश कुमार,बागवानी मिशन के निदेशक महेंद्र पाल,अपर निदेशक डॉ.रतन कुमार और औद्यानिक परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नरेंद्र यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय