एक दौड़ शहीदों के नाम का आयोजन, शहीदों को दी श्रद्धांजलि
हरिद्वार, 23 मार्च (हि.स.)। शहीद दिवस के पावन अवसर पर झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र में भगत सिंह स्पोर्ट्स एकेडमी द्वारा एक दौड़ शहीदों के नाम कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लक्सर ब्लॉक प्रमुख डॉ. हर्ष कुमार ने प्रतिभाग कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और युवाओं का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। पूरा माहौल देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। इसके बाद सैकड़ों बच्चों और युवाओं ने दौड़ प्रतियोगिता में भाग लिया। ब्लॉक प्रमुख डॉ. हर्ष कुमार ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ का शुभारंभ किया। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को मेडल और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर भगत सिंह स्पोर्ट्स एकेडमी के अध्यक्ष मुकुल सैनी, कोच सुमित स्वामी, मंडल अध्यक्ष झबरेड़ा सुभाष सैनी, जिला मंत्री रुड़की सचिन, कार्तिक परमार, अंकित कोहली, तेजस तोमर, अभिषेक सैनी, यमन फौजी और अनिकेत बीरपुर सहित आयोजक टीम ने मुख्य अतिथि का स्वागत और सम्मान किया। कार्यक्रम को लेकर युवाओं और क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने इस तरह के आयोजनों को क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक बताते हुए सकारात्मक प्रतिक्रिया दी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला