ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर गड्ढे भरने के बजाय पत्थर ठूंसकर खानापूर्ति

 


नई टिहरी, 19 सितंबर (हि.स.)। ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर कीर्तिनगर नए पुल के समीप सड़क की बदहाल स्थिति यात्रियों और स्थानीय लोगों को दिक्कतें उठानी पड़ रही है। एनएच खंड की कार्यप्रणाली पर लोगों ने सवाल उठाए हैं। यहां सड़क पर बने गड्ढों की समुचित मरम्मत करने के बजाय उनमें पत्थर ठूंसकर छोड़ दिए गए हैं। जिससे दुर्घटनाओं की संभावना बनी हुई है।

ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर कीर्तिनगर नया पुल के पास हाईव की हालत बहुत खराब है। स्थिति यह है कि सड़क पर बड़ी संख्या में गड्ढे दिखाई दे रहे हैं। बड़े-बड़े गड्ढे हादसों को न्योता दे रहे हैं। कहीं सड़क धंसने से यातायात की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं।

चारधाम यात्रा और पहाड़ी क्षेत्रों में भारी वाहनों की आवाजाही वाले इस महत्वपूर्ण मार्ग पर सड़क की बदहाली यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर मरम्मत के नाम पर केवल पत्थर डाल देना समस्या का समाधान नहीं है।

विभाग को सड़क की तकनीकी स्थिति की जांच कर गुणवत्तापूर्ण एवं स्थायी मरम्मत सुनिश्चित करनी चाहिए। जब एनएच के यह हाल हैं तो ग्रामीण सड़कों की दशा का अंदाजा लगाया जा सकता है। मलेथा निवासी दिनेश भट्ट ने कीर्तिनगर नए पुल के समीप क्षतिग्रस्त सड़क का तत्काल स्थलीय निरीक्षण कर गड्ढों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से भरने की मांग की।

साथ ही ऋषिकेश से कीर्तिनगर तक क्षतिग्रस्त स्थानों को चिह्नित कर प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करने की अपील भी की है। इस बाबत एनएच खंड श्रीनगर के एई निरंजन रावत का कहना है कि यह मामला आज ही उनके संज्ञान में आया है। कहा कि हाईवे पर उक्त पैच में बने गड्ढों को तत्काल भर दिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी