ऊर्जा संरक्षण के रंगों से सजी चित्रकला प्रतियोगिता, 2.52 लाख विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
ऋषिकेश, 14 नवंबर (हि.स.)। ऊर्जा संरक्षण के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड की ओर से शनिवार को राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता-2026 आयोजित की गई। टीएचडीसी कॉलोनी स्थित रसमंजरी ऑडिटोरियम में आयोजित प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने ऊर्जा संरक्षण के संदेश को रंगों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। इस वर्ष प्रदेश के 423 विद्यालयों के 2,52,981 विद्यार्थियों ने विद्यालय स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया।
भारत सरकार के विद्युत मंत्रालय के अधीन ऊर्जा दक्षता ब्यूरो (बीईई) के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता के लिए उत्तराखंड में टीएचडीसी को नोडल एजेंसी नामित किया गया था। प्रतियोगिता के विषय 'ऊर्जा बचाएं, भविष्य सुरक्षित बनाएं' और 'बीईई स्टार लेबलों की चमकार, ऊर्जा सुरक्षा हो शानदार' रखे गए थे।
टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सिपन कुमार गर्ग ने कहा कि ऊर्जा संरक्षण सतत और सुरक्षित भविष्य के निर्माण के लिए जरूरी है। बिजली की बचत के छोटे-छोटे प्रयास सामूहिक रूप से देश की ऊर्जा सुरक्षा और सतत विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से ऊर्जा के विवेकपूर्ण उपयोग और ऊर्जा दक्ष विद्युत उपकरणों को अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम में टीएचडीसी के मुख्य तकनीकी अधिकारी एलपी जोशी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विजेताओं को पुरस्कृत करते हुए कहा कि चित्रकला ऊर्जा संरक्षण का संदेश प्रभावशाली ढंग से पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने दैनिक जीवन में ऊर्जा बचाने की आदतें अपनाने और परिवार एवं समुदाय को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता दो वर्गों में आयोजित की गई। ग्रुप-ए में कक्षा पांच से सात और ग्रुप-बी में कक्षा आठ से दस तक के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। दोनों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को 50 हजार, द्वितीय को 30 हजार और तृतीय स्थान पाने वाले को 20 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। इसके अतिरिक्त प्रत्येक वर्ग में 10 सांत्वना पुरस्कार भी दिए गए। इनके विजेताओं को 7,500 रुपये प्रति प्रतिभागी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ टीएचडीसी के महाप्रबंधक (मानव संसाधन एवं प्रशासन व जनसंपर्क) डीपी पात्रो के स्वागत संबोधन से हुआ। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों में ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में प्रतियोगिता की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
टीएचडीसी के उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) एवं उत्तराखंड के नोडल अधिकारी विमल दुर्गापाल ने बताया कि पिछले वर्ष 242 विद्यालयों के 1,90,241 विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। इस वर्ष विद्यालयों की संख्या बढ़कर 423 और प्रतिभागियों की संख्या 2,52,981 हो गई है।
ग्रुप-ए में हरिद्वार के विद्यार्थियों का दबदबा
ग्रुप-ए में आचार्यकुलम, हरिद्वार की कक्षा सात की छात्रा वर्षा रानी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी विद्यालय की ज्योति यादव दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि सेंट मैरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हरिद्वार की अवनि कपूरिया ने तीसरा स्थान हासिल किया।
ग्रुप-बी में कुणाल कुंज प्रथम
ग्रुप-बी में आचार्यकुलम, हरिद्वार के कक्षा दस के छात्र कुणाल कुंज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। एसेंट पब्लिक स्कूल, हल्द्वानी की दीक्षा कुटियाल दूसरे और डीएसबी इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, गुमानीवाला, ऋषिकेश की रुचा रवि फुलवारे तीसरे स्थान पर रहीं। दोनों वर्गों के ये छह विजेता नई दिल्ली में होने वाली राष्ट्रीय स्तर की चित्रकला प्रतियोगिता के फाइनल में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय