उद्यमशाला चौपाल में उद्यमियों को सम्मान

 




पिथौरागढ़, 21 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना की जनपद स्तरीय चौपाल हुई आयोजित

बड़ी संख्या में उद्यमियों एवं लखपति दीदीयों समेत जनप्रतिनिधियों ने किया प्रतिभाग

उद्यमियों ने साझा किए अनुभव, जिलाधिकारी ने उत्पादों की प्रदर्शनी का किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के अंतर्गत आज विकास भवन सभागार में जनपद स्तरीय चौपाल का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के लाइव संबोधन का भी जनपद स्तर पर सीधा प्रसारण किया गया। इस अवसर पर उद्यमिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहे जनपद के उद्यमियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए नए अवसर उपलब्ध करा रही है।

मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना इसका जीता-जागता उदाहरण है। उन्होंने कहा कि योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में उद्यमिता को बढ़ावा देने के साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है।

चौपाल में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए उद्यमियों ने अपने अनुभव एवं विचार साझा किए। उद्यमियों ने उद्यम स्थापित करने के दौरान आने वाली चुनौतियों, उनके समाधान तथा मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के माध्यम से प्राप्त हो रहे सहयोग, मार्गदर्शन एवं सुविधाओं के बारे में अपने अनुभव बताए ।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि इसके लिए योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के युवा, महिलाएं एवं स्वयं सहायता समूह योजना का लाभ लेकर अपने उद्यम स्थापित कर सकें।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ दीपक सैनी, ब्लॉक प्रमुख कनालीछीना महिमन सिंह कन्याल, गंगोलीहाट के ब्लॉक प्रमुख विनोद प्रसाद, प्रभागीय वनाधिकारी आदित्य रत्न, परियोजना निदेशक डीआरडीए आशीष पुनेठा सहित बड़ी संख्या में महिला एवं युवा उद्यमी समेत अन्य उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष दरियाल