उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 21वां स्थापना दिवस

 


हल्द्वानी , 31 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय का 21वां स्थापना दिवस समारोह आज विश्वविद्यालय परिसर में हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल व उत्तराखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी रहे।

अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के कुलपति एवं उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक व श्रीदेव सुमन उत्तराखण्ड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अम्बरीश कुमार महाजन उपस्थित रहे।

इस अवसर परनिदेशक प्रो. गिरिजा प्रसाद पांडे, निदेशक अकादमिक प्रो. पी.डी. पंत एवं कुलसचिव श्री खेमराज भट्ट भी मंचासीन रहे।

समारोह का शुभारंभ संगीत विभाग के शिक्षार्थियों द्वारा समूहगान, शास्त्रीय संगीत एवं उत्तराखण्ड के लोकगीतों की प्रस्तुतियों तथा योग विभाग के शिक्षार्थियों के आकर्षक योग प्रदर्शन से हुआ। इसके बाद अतिथियों ने दीप प्रज्वलित किया और विश्वविद्यालय कुलगीत एवं राष्ट्रगान के साथ औपचारिक कार्यक्रम प्रारंभ हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता