उत्तराखंड राज्य ट्राइथलॉन चैंपियनशिप , रितेश और मेधाविनी बने चैंपियन
हरिद्वार, 29 जुलाई (हि.स.)। आईआईटी रुड़की के इंस्टीट्यूट स्पोर्ट्स काउंसिल ने बुधवार को उत्तराखंड राज्य ट्राइथलॉन चैंपियनशिप 2026 का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न जनपदों से 36 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें 28 पुरुष और 8 महिलाएं शामिल थीं। खिलाड़ियों ने तैराकी, साइकिलिंग और दौड़ की चुनौतीपूर्ण स्पर्धाओं में अपनी क्षमता दिखाई।
पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के आधार पर देहरादून के रितेश सिंह को 'आयरनमैन ऑफ द टूर्नामेंट' और आईआईटी रुड़की की मेधाविनी कपूर को 'आयरन लेडी ऑफ द टूर्नामेंट' घोषित किया गया।
परिणामों में अंडर-23 पुरुष वर्ग में रितेश सिंह प्रथम, ऋषभ मिंगवाल द्वितीय और अनिकेत तृतीय रहे। पुरुष ओपन वर्ग में सागर प्रथम, मनन द्वितीय और चतुर सिंह तृतीय स्थान पर रहे। महिला ओपन वर्ग में मेधाविनी कपूर प्रथम, राखी रावत द्वितीय और स्वाति बोनाल तृतीय रहीं।
मुख्य अतिथि आईआईटी रुड़की स्पोर्ट्स काउंसिल अध्यक्ष प्रो. भानु प्रकाश वेल्लंकी ने कहा कि ट्राइथलॉन जैसी प्रतियोगिताएं युवाओं में अनुशासन और दृढ़ संकल्प बढ़ाती हैं। स्पोर्ट्स ऑफिसर डॉ. आलोक कुमार पाण्डेय ने कहा कि एसोसिएशन राज्य में ट्राइथलॉन के विकास के लिए प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के आयोजन को बढ़ावा देगी।
समापन पर विजेताओं को डॉ. आलोक पाण्डेय और डॉ. संचित डागर ने पदक दिए। आयोजन में डॉ. प्रमोद कुमार, डॉ. मुकेश चौधरी और अन्य कोचों का सहयोग रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला