उत्तराखंड में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना

 




देहरादून, 28 मार्च (हि.स.)। उत्तराखंड के पर्वतीय जनपदों में आज कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश, गर्जन के साथ बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। राज्य के शेष हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा।

मौसम विभाग की ओर से शनिवार को जारी पूर्वानुमान के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में 3300 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर हल्की बर्फबारी के साथ बारिश हो सकती है। फिलहाल किसी प्रकार की मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य बना रहा, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में यह सामान्य से कम सामान्य के बीच दर्ज किया गया। आगामी 2 से 3 दिनों में राज्य के अनेक स्थानों पर अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि होने की संभावना है।

देहरादून के लिए जारी पूर्वानुमान के अनुसार आसमान मुख्यतः साफ से आंशिक रूप से बादलयुक्त रहने की संभावना है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय