उत्तरकाशी में धूमधाम से मनाया गया अभियंता दिवस
उत्तरकाशी, 15 सितंबर (हि.स.)। डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ उत्तरकाशी की ओर से भारत रत्न डॉ. एम विश्वेश्वरैया की जयंती एवं अभियंता दिवस धूमधाम से मनाया गया।
इस मौके पर वक्ताओं ने राष्ट्र के नवनिर्माण में अभियंताओं की बहुमूल्य उपलब्धियों को रेखांकित किया और सुदृढ़ सड़कों, विशाल भवनों, निर्बाध पेयजल आपूर्ति, उन्नत विद्युत तंत्र और जलप्रपाती बांधों जैसे बड़े ढांचागत प्रोजेक्ट्स में तकनीकी दक्षता के अमूल्य योगदान की सहराना की।
मंगलवार को इंजनियर्स महासंघ की ओर से कलेक्ट्रेट ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यतंत्री के गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट व डीएम प्रशांत आर्य ने किया। उन्होंने आधुनिक भारत के निर्माता डॉ. एम विश्वेश्वरैया को श्रद्धासुमन अर्पित की और उपस्थित अभियंताओं को इंजीनियर्स डे की शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान डीएम ने समकालीन चुनौतियों से निपटने के लिए नवाचार और रचनात्मक दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने सतत विकास के लिए युवा अभियंताओं को पारंपरिक सीमाओं से बाहर निकलकर नए विचारों, नवाचार और तकनीकी को समाजोपयोगी बनाने के लिये प्रेरित किया। वहीं सीएम समन्वयक किशोर भट्ट ने भी अभियंता दिवस की शुभकामनाएं दी और कहा कि आधुनिक भारत के विश्वकर्मा के रूप में प्रतिष्ठित, उत्कृष्ट अभियंता विश्वेश्वरैया का योगदान सदैव याद रखा जाएगा।
इंजीनियर्स डे केवल इंजीनियरिंग पेशे से जुड़े लोगों को सम्मान देने का दिन नहीं है, बल्कि यह विज्ञान, तकनीक, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में इंजीनियरों की भूमिका को रेखांकित करने का अवसर भी है।
इस अवसर पर ईई लोनिवि डी.सी नौटियाल, ईई सिंचाई सचिन सिंघल, ईई आरडब्लूडी योगेश कुमार सहित अन्य सहायक अभियंता , कनिष्ठ अभियता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल