उत्तरकाशी पहुंच सीएस ने सामरिक और बुनियादी सुविधाओं का लिया जायजा

 


उत्तरकाशी, 25 सितंबर (हि.स.)। तीन दिवीसय दौरे पर उत्तरकाशी पहुंचे मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने पहले दिन शुक्रवार को जिले के सामरिक दृष्टिकोण से महत्त्वपूर्ण हवाई पट्टी चिन्यालीसौड़ स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एप्रन, रनवे, टर्मिनल भवन सहित बुनियादी ढांचागत सुविधाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु आवश्यक निर्देश दिये।

कहा कि चीन सीमा से निकटता के कारण यह हवाई पट्टी सीमांत क्षेत्र में भारतीय वायु सेना के सामरिक संचालन के साथ ही रेस्क्यू, आपदा प्रबंधन एवं वीवीआईपी आवाजाही के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है।

शुक्रवार को भ्रमण के दौरान उत्तरकाशी पहुंचे मुख्य सचिव ने भ्रमण के दौरान मल्ली गांव पहुंचकर सर्व शक्ति क्लस्टर लेवल फेडरेशन तुल्याडा के कलेक्शन सेंटर का उद्घाटन किया।

कार्यक्रम में उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं व लखपति दीदीयों से सीधा संवाद कर उनके द्वारा संचालित आजीविका गतिविधियों, उत्पादन कार्यों एवं अनुभवों की जानकारी ली। वहीं इसके बाद मुख्य सचिव ने राइंका मातली का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्य सचिव ने कक्षाओं में पहुंचकर अध्ययनरत विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया।

मुख्य सचिव ने विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों का निडरता से सामना करने, उच्च लक्ष्य निर्धारित करने और अनुशासित जीवन शैली अपनाकर सफलता हासिल करने के लिए प्रेरित किया। वहीं विभिन्न प्रतियोगिताओ में प्रतिभाग करने वाले छात्रों को सम्मानित किया।

इस दौरान जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, एसडीएम देवानंद शर्मा, सीओ चंचल शर्मा, मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कोटियाल, ईई सिंचाई सचिन सिंहल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल