उतरकाशी में बिना टीईटी पास 42 शिक्षकों को दे दिया प्रमोशन

 

उत्तरकाशी, 10 सितंबर (हि.स.)। शिक्षा विभाग उत्तरकाशी ने बिना टीईटी पास किए कार्यरत 42 शिक्षकों को प्रमोशन का लाभ दिया है। जबकि सुप्रीम कोर्ट के स्पष्ट आदेश है कि टीईटी के बिना कोई शिक्षक प्रमोशन का पात्र नहीं माना जाएगा । बावजूद शिक्षा विभाग ने सुप्रीम कोर्ट के आदेशों को दर किनार कर प्रमोशन कर दिया। इससे पूरे विभागीय सिस्टम पर सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं मामले को लेकर राज्य आंदोलनकारी शरद रावत ने सीईओ, डीईओ बेसिक व डीएम को नोटिस जारी किए हैं।

इससे पूरे शिक्षकों में हड़कंप मचा है।

बता दें कि शिक्षा विभाग में कार्यरत शिक्षकों के लिए सुप्रीम कोर्ट ने गत वर्ष आदेश जारी करते हुए कहा था कि टीईटी के बिना कोई शिक्षक प्रमोशन का पात्र नहीं माना जाएगा। साथ ही शिक्षकों को राहत दी थी कि शिक्षक 31 अगस्त 2028 तक टीईटी पास कर सकते हैं, लेकिन प्रमोशन से पहले टीईटी की शर्त अनिवार्य होगी। लेकिन उत्तरकाशी में विभाग ने बिना टीईटी पास किए 42 शिक्षकों को प्रमोशन दे दिया । जिस पर विभाग की कार्य प्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

गुरूवार को राज्य आंदोलनकारी शरद रावत ने मामले को लेकर मुख्य शिक्षा अधिकारी, डीएम व डीईओ बेसिक को नोटिस प्रेषित किया। उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश को दरकिनार कर अपने चहेतों को लाभ पहुंचाने के लिए 42 शिक्षकों को प्रमोशन दिया है। जिससे कि साफ जाहिर होता है कि इन अध्यापकों के साथ विभाग भी पूरी तरह से मिला हुआ है। कहा कि यदि विभाग की ओर से जल्द सही व संतोषजनक जवाब नही दिया जाता है, तो प्राप्त सक्ष्यों को सुप्रीम कोर्ट में पेश किया जायेगा। वहीं नोटिस जारी होने की सूचना मिलते ही विभाग में खलबली मची है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल