उच्च शिक्षा मंत्री ने किया कल्जीखाल डिग्री कॉलेज भवन का लोकार्पण

 

पौड़ी गढ़वाल, 07 मई (हि.स.)। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने कल्जीखाल महाविद्यालय के कला संकाय भवन का लोकार्पण किया। यह भवन 2022-23 में स्वीकृत हुआ था और इस पर 498.98 लाख की लागत से राज्य योजना से बनाया गया है।

कल्जीखाल पहुंचे उच्च शिक्षा मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने इस नवनिर्मित भवन लोकार्पण करते हुए छात्र-छात्राओं से संवाद भी किया और शिक्षा की गुणवत्ता पर जोर दिया। उन्होंने इस मौके पर कॉलेज को 5 कंप्यूटर देने की भी घोषणा की। साथ ही जनप्रतिनिधियों से कहा कि वह यहां खेल मैदान के लिए प्रस्ताव बनाकर दे।

कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा को मजबूती देने का काम कर रही है। दूरस्थ क्षेत्रों के स्कूलों और कॉलेजों मे भी शिक्षा के लिए सभी संसाधन मुहैया कराएं जा रहे है ताकि यहां पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

विधायक पौड़ी राजकुमार पोरी ने कहा कि भवन बन जाने के बाद छात्र-छात्राओं को पठन-पाठन को लेकर सहुलियत मिलेगी। इस मौके पर कल्जीखाल ब्लाक प्रमुख गीता देवी, द्वारीखाल प्रमुख बीना राणा, ज्येष्ठ प्रमुख संजय पटवाल, जिला पंचायत सदस्य महेंद्र राणा, विधायक प्रतिनिधि वीरेंद्र सिंह आदि भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह