आशा कार्यकर्ताओं का आंदोलन जारी

 


नैनीताल, 22 सितंबर (हि.स.)। विभिन्न मांगों को लेकर उत्तराखंड आशा हेल्थ वर्कर्स यूनियन से जुड़ी आशा कार्यकर्ताओं ने पिछले कुछ सप्ताह से प्रत्येक मंगलवार को किए जा रहे आंदोलन को इस मंगलवार को भी जारी रखा।

आशाओं ने तल्लीताल गांधी चौक पर गांधी मूर्ति के पास एकत्र होकर सेवानिवृत्ति के बाद मासिक पेंशन का प्रावधान किए जाने तक सेवानिवृत्त होने वाली आशा कार्यकर्ताओं को 10 लाख रुपये की एकमुश्त धनराशि देने सहित अपनी विभिन्न मांगें दोहरायीं। उन्होंने विभिन्न मदों में मिलने वाली धनराशि कई-कई माह तक लंबित रखने के बजाय हर महीने भुगतान करने की मांग भी की।

आशा कार्यकर्ताओं ने प्रशिक्षण और पल्स पोलियो अभियान के दौरान प्रतिदिन 500 रुपये का भुगतान करने, सभी सरकारी अस्पतालों में आशाओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने के लिए तत्काल आदेश जारी करने तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों के रिक्त पद भरने की मांग की। इसके अलावा सभी सरकारी अस्पतालों में आशा घर बनाने, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन का बजट बढ़ाने और उसमें गैर-सरकारी संगठनों की भूमिका समाप्त कर कार्य स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से कराने तथा मनमाने कारणों से आशाओं की छंटनी बंद करने की मांग उठाई गई।

यूनियन ने चेतावनी दी कि विधानसभा चुनाव से पूर्व समयबद्ध तरीके से मांगें पूरी नहीं की गईं तो राज्य सरकार के विरुद्ध राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया जाएगा। प्रदर्शन में यूनियन की अध्यक्ष कमला कुंजवाल, दीपा पांडे, प्रेमा शाही, हेमा देवी, तुलसी बिष्ट, नीमा बिष्ट, खष्टी, रश्मि राणा, चंद्रा सती, मंजू बोहरा, प्रेमा अधिकारी, रेनू खंडूरी, उषा सत्यवली, हेमा जोशी, नीमा मेहर, हीरा नेगी, भगवती बोहरा, विमला उप्रेती, सुनीता,रूपा देवी, लीला पांडे सहित अन्य आशा कार्यकर्ता शामिल रहीं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी