आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

 

-बंद सड़कों, पेयजल योजनाओं और क्षतिग्रस्त स्कूलों की मरम्मत प्राथमिकता से पूरी करने को कहा

देहरादून, 31 अक्टूबर (हि.स.)। राज्य आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय रुहेला और लेफ्टिनेंट कर्नल रघुवीर सिंह भंडारी ने शनिवार को प्रदेश के सभी जनपदों के अधिकारियों के साथ बैठक कर आपदा से हुए नुकसान और पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में जनजीवन जल्द सामान्य बनाने के लिए राहत एवं पुनर्बहाली कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

बैठक में जनपदवार अवरुद्ध सड़कों की स्थिति की समीक्षा करते हुए विनय रुहेला ने बंद सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर खोलने और क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत एवं पुनर्निर्माण में तेजी लाने को कहा। उन्होंने कहा कि सड़क संपर्क बहाल होने से प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता, राहत सामग्री की आपूर्ति और लोगों की आवाजाही सुचारू हो सकेगी।

उन्होंने क्षतिग्रस्त पेयजल योजनाओं की मरम्मत कर प्रभावित क्षेत्रों में जलापूर्ति जल्द बहाल करने के निर्देश दिए। वहीं, बाढ़ सुरक्षा से जुड़े कार्यों को संवेदनशील क्षेत्रों में समयबद्ध ढंग से पूरा करने तथा शासन से स्वीकृति के लिए लंबित प्रस्ताव सभी औपचारिकताएं पूरी कर शीघ्र भेजने को कहा।

लेफ्टिनेंट कर्नल रघुवीर सिंह भंडारी ने कहा कि आपदा से क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों की मरम्मत और पुनर्निर्माण के लिए विभागों से मिलने वाले प्रस्तावों का तत्काल परीक्षण कर स्वीकृति की कार्रवाई की जाए, ताकि निर्माण कार्य बिना देरी शुरू हो सकें। उन्होंने क्षति आकलन से लेकर प्रस्ताव तैयार करने और स्वीकृति प्राप्त करने तक सभी विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।

बैठक में क्षतिग्रस्त विद्यालय भवनों के साथ पेयजल, शौचालय और अन्य बुनियादी सुविधाओं को हुए नुकसान की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को स्कूलों में आवश्यक सुविधाएं जल्द दुरुस्त करने और क्षतिग्रस्त भवनों की मरम्मत एवं पुनर्निर्माण प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए गए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।

इसके अलावा क्षतिग्रस्त नहरों की मरम्मत शीघ्र पूरी कर सिंचाई व्यवस्था बहाल रखने तथा ओलावृष्टि से कृषि एवं अन्य क्षेत्रों में हुए नुकसान का आकलन जल्द पूरा करने को कहा गया। अधिकारियों को प्रभावितों को नियमानुसार राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (प्रशासन) प्रकाश चंद्र, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (क्रियान्वयन) एवं डीआईजी राजकुमार नेगी तथा संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश कुमार पुनेठा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय